अल्मोड़ा। नगर और आसपास में सोमवार को बिजली ने जमकर तंग किया। करीब 12 घंटेआपूर्ति ठप रहने से जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। करीब 5000 की आबादी को पानी के लिए भी इस कारण जूझना पड़ा।
रविवार की रात करीब 11 बजे धारानौला, न्यू काॅलोनी, धारानौला, तल्या दन्या, राजपुरा, मकेड़ी आदि क्षेत्र में बिजली गुल हो गई। ऐसे में ठंड के बीच आबादी को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
आपूर्ति ठप होने लोगों के मोबाइल, सहित बिजली संचालित उपकरण शोपीस बने रहे। सोमवार सुबह से दोपहर तक भी बिजली गुल रहने से सरकारी और निजी कार्यालयों में कामकाज प्रभावित हुए। कारोबारियों का आर्थिक नुकसान झेलना पड़ा।
नंदा महोत्सव समिति के महामंत्री मनाेज सनवाल ने बताया कि रविवार रात करीब 10 बजे गई बिजली सोमवार दोपहर में लगभग डेढ़ बजे आई। वे और उनके कई पड़ोसी ऊर्जा निगम के अधिकारियों को फोन करते रहे लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। करीब 11 बजे अधिशासी अभियंता ने फोन उठाया और जानकारी दी कि 33 केवी के बिजली घर में कोई तकनीकी खराबी हो गई है। जिसे ठीक कराया जा रहा है। इसके बाद भी करीब डेढ़ बजे बिजली की आपूर्ति बहाल हो सकी।
माल रोड निवासी दर्शन कुमार और एसके तिवारी ने बताया कि बार-बार शिकायत करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। इस वजह से क्षेत्र में सीएससी और मोबाइल रिपेयरिंग के काम बाधित रहे।