छात्र-छात्राओं के साथ मुख्यमंत्री हरीश रावत।
- फोटो : अमर उजाला
चुनाव की आपाधापी से निपटकर मुख्यमंत्री हरीश रावत निजी कार्यक्रम के चलते अपने पैतृक गांव मोहनरी पहुंच गए हैं। एक दिनी प्रवास के तहत मुख्यमंत्री बुधवार अपराह्न यहां जीआईसी देवलीखेत के खेल मैदान पर हेलीकाप्टर उतरे और आते ही विद्यालय के बच्चों के साथ हो लिए। बच्चों में सीएम के आगमन को लेकर खासा उत्साह था, साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोग भी वहां पहुंचे थे। सीएम ने बच्चों के साथ फुर्सत के पल बिताए। इसके बाद उन्होंने देवलीखेत बाजार का पैदल भ्रमण किया और लोगों के साथ जनसंपर्क भी किया।
मुख्यमंत्री हरीश रावत निजी कार्यक्रम के तहत अपने पैतृक गांव मोहनरी पहुंचे हैं। बुधवार की अपराह्न उनका हेलीकाप्टर यहां जीआईसी देवलीखेत के खेल मैदान पर उतरा। बच्चों को सुबह से ही सीएम के पहुंचने की भनक थी, अलबत्ता विद्यालय के बच्चे और स्थानीय ग्रामीण पलक पावड़े बिछाकर उनका इंतजार कर रहे थे। 2.15 बजे जैसे ही मुख्यमंत्री हेलीकाप्टर से उतरे वहां भारी कौतूहल मच गया। मुख्यमंत्री ने भी बच्चों को निराश नहीं किया। वह लोगों से मिले, लोगों की कुशल पूछने के बाद मुख्यमंत्री बच्चों की भीड़ में जा पहुंचे। यहां उन्होंने जमकर फोटो खिंचवाई। मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बच्चों से मुलाकात की और उनसे तमाम सवाल-जवाब भी किए। बच्चों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री देवलीखेत बाजार में पैदल निकल गए। वहां उन्होंने व्यापारियों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की और कई लोगों के साथ पुरानी यादें भी ताजा की। इसके बाद वह अपने पैतृक गांव मोहनरी के लिए रवाना हो गए। उनके साथ पूर्व विधायक करन माहरा, नंदन सिंह नेगी, चंदन बिष्ट, हेमंत बिष्ट, ललित अस्वाल सहित तमाम लोग भी मौजूद थे।