पत्रकार वार्ता करते दूरसंचार विभाग के महाप्रबंधक।
- फोटो : अमर उजाला
बीएसएनएल नए साल के पहले महीने में अल्मोड़ा समेत एसएसए क्षेत्र के पिथौरागढ़, बागेश्वर और चंपावत जिलों में 4जी सेवा शुरू करने जा रहा है। इसके लिए 30 स्थानों पर 4जी बीटीएस लगाने और टेस्टिंग का कार्य इन दिनों प्रगति पर है। 4जी सेवा शुरू होने के बाद इंटरनेट की गति काफी अच्छी हो जाएगी। इसके अलावा नए साल में 50 नए 3जी बीटीएस लगाने की योजना भी है।
बीएसएनएल के महाप्रबंधक एके गुप्ता ने पत्रकार वार्ता में बताया कि अल्मोड़ा समेत एसएसए क्षेत्र के चारों जिलों में बीएसएनएल की बहुप्रतीक्षित 4जी सेवा जनवरी के तीसरे सप्ताह में शुरू हो जाएगी। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह सेवा 3जी के लिए उपलब्ध स्पेक्ट्रम पर दी जा रही है। इसके लिए चारों जिलों में 30 स्थानों पर 4जी बीटीएस लगाने का काम इन दिनों चल रहा है। अल्मोड़ा जिले में 12, पिथौरागढ़ में 10, चंपावत और बागेश्वर में चार-चार 4जी बीटीएस लगाए जा रहे हैं।
जीएम ने बताया कि अल्मोड़ा एसएसए क्षेत्र में अब तक 135 नए 3जी बीटीएस लगाए जा चुके हैं। पिछले तीन माह 30 थ्रीजी नोड में लगाए गए हैं और अब 3जी बीटीएस की संख्या बढ़कर 183 हो चुकी है। सेवा में सुधार और गुणवत्ता बढ़ाने के लिए लगातार टेस्टिंग चल रही है। महाप्रबंधक ने बताया कि बीएसएनएल की सेवा को बेहतर बनाने के लिए नए साल में 50 नए 3जी लगाने की योजना भी तैयार की गई है।
जियो ने बीएसएनएल को एक करोड़ का नुकसान पहुंचाया: जीएम
अल्मोड़ा। बीएसएनएल अल्मोड़ा के महाप्रबंधक ने पत्रकारों को बताया कि रिलायंस जियो द्वारा तमाम इलाकों में ओएफसी
बिछाए जाने के दौरान बीएसएनएल की ओएफसी को काफी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। ओएफसी को नुकसान पहुंचाने पर जियो से एक करोड़ रुपये का हर्जाना भी मांगा गया है।
बीएसएनएल को इस साल पांच करोड़ घाटा हुआ
अल्मोड़ा। अन्य कंपनियों के साथ ही बीएसएनएल ने भी पिछले एक साल में अपना टेरिफ कम करना पड़ा है जिससे कंपनी को करीब 40 प्रतिशत राजस्व का नुकसान उठाना पड़ा है। महाप्रबंधक ने बताया कि बीएसएनएल ने जहां बीते साल 23 करोड़ की आय अर्जित की थी लेकिन इस साल आय घटकर 18 करोड़ रह गई। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ माह से अन्य कंपनियों के ग्राहक अपेक्षाकृत बीएसएनएल को अपना रहे हैं जिससे बीएसएनएल को फायदा मिलने की उम्मीद है।