अल्मोड़ा। हवालबाग ब्लॉक निवासी सेना के जवान की पंजाब में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनके पार्थिव शरीर को पंजाब से लाया जा रहा है। मौत की खबर के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हवालबाग विकासखंड के सल्ला रौतेला गांव निवासी ताराराम (48) पुत्र स्व. गोपाल राम आर्टिलरी रेजीमेंट में हवलदार के पद पर पंजाब में तैनात थे। शनिवार की दोपहर पंजाब में उनकी तबियत बिगड़ गई। उनके भाई रमेश राम ने बताया कि रविवार को सैन्य अधिकारियों से बात करने के बाद पता लगा कि हवलदार ताराराम की हार्ट अटैक से मौत हो गई है।
रविवार की शाम करीब चार बजे पंजाब से सेना का वाहन हवलदार का पार्थिव शरीर लेकर रवाना हो गया है और सोमवार की सुबह 10 बजे तक पार्थिव शरीर उनके घर पहुंचने की उम्मीद है। उसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। भाई ने बताया कि हवलदार ताराराम का एक बेटा 10वीं और एक 12वीं में पढ़ता है। मृत्यु का समाचार मिलने पर परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। संवाद