रानीखेत (अल्मोड़ा )। मजखाली के नैनी गांव निवासी हवलदार इंद्र सिंह अधिकारी सेना में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सेना मेडल से नवाजे गए हैं। गणतंत्र दिवस के मौके पर सम्मानित होने वाले भारतीय सेना के जांबाज सैनिकों में उनका भी नाम शामिल है। सेना मेडल मिलने के से इंद्र सिंह अधिकारी ने पूरे क्षेत्र का मना बढ़ाया है। वह सेना में पर्वतारोही भी हैं।
नैनी मजखाली निवासी इंद्र सिंह अधिकारी 16 कुमाऊं में हवलदार के पद पर कार्यरत हैं। वह सेना में पर्वतारोही भी हैं। विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट को वह सफलता पूर्वक फतह कर चुके हैं।
कुछ समय पहले उनकी टीम ने विश्व की पांचवीं सबसे ऊंची चोटी माउंट मकालू को फतह किया था। इसके लिए रक्षा मंत्री ने उन्हें और उनकी टीम को सम्मानित भी किया था। इंद्र सिंह अधिकारी ने सेना में रहते हुए तमाम कीर्तिमान हासिल किए हैं। कार्य के प्रति समर्पण के लिए उन्हें सेना मेडल से सम्मानित किया गया है।