गंगोलीहाट के छोटे से गांव जजुट से निकले किसान निर्मल पंत के बेटे हरीश पंत ने महाराष्ट्र आरोग्य विज्ञान विद्या पीठ(महाराष्ट्र यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंस) में एमबीबीएस करते हुए 85 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय वर्ष में टॉप किया है। एमसीआई के अंतर्गत आने वाले इस विद्या पीठ के अधीन महाराष्ट्र के कुल पैंतालीस मेडिकल कालेज आते हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि वे इन सभी कालेजों में टॉप पर रहे। निर्मल के माता-पिता वर्तमान में नैनीताल जिले के रामनगर में रहकर कृषि कार्य करते हैं।
गंगोलीहाट के छोटे से गांव जजुट के मूल निवासी निर्मल पंत जब रोजी-रोटी की तलाश में गांव से निकले थे तो उन्हें इस बात का आभास नहीं होगा कि एक दिन उनका बेटा घर गांव से बहुत दूर महाराष्ट्र जैसे दूसरे प्रांत में एमबीबीएस में पूरे प्रांत का टॉपर बन जाएगा। गत दिनों नागपुर में हुए एक समारोह में विद्या पीठ के वाइस चांसलर डा. दिलीप महाइशेखर ने उन्हें पुरस्कृत कर सम्मानित किया। हरीश ने 400 में से 340 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है।
बच्चों की परवरिश के लिए गांव छोड़ रामनगर में जा बसे पंत के बेटे हरीश ने पिता के संघर्ष को करीब से देखा और यहीं से उन्हें कुछ विशेष करने की प्रेरणा मिली। इंटर की पढ़ाई नवोदय विद्यालय सुयालबाड़ी नैनीताल से करने के बाद उन्होंने एक साल हल्द्वानी में मेडिकल की कोचिंग की। हरीश के महाराष्ट्र टॉप करने से घर परिवार के साथ ही मित्रों और शुभ चिंतकों में खुशी का माहौल है।