जिले में महाशिवरात्रि का पर्व धूमधाम से मनाया गया। जागेश्वर धाम समेत शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ उमड़ी। जागेश्वर धाम में श्रद्धालुओं ने भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। कई लोगों ने मंदिर परिसर में पार्थिव पूजन भी किया।
अल्मोड़ा नगर में नंदादेवी, मुरली मनोहर, बद्रीनाथ, उल्का देवी, त्रिपुरा सुंदरी, रघुनाथ मंदिर, एनटीडी शिव मंदिर आदि मंदिरों में पूजा अर्चना के लिए भक्तों की भीड़ रही। लोगों ने भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। नगर से लगे पातालदेवी, विश्वनाथ स्थित शिव मंदिरों में मेला लगा। उधर हवालबाग के समीप स्थित देवस्थल शिव मंदिर में लगे मेले में काफी संख्या में लोग पहुंचे।
जागेश्वर धाम स्थित मंदिरों में सुबह से ही पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही। लोगों ने मंदिरों में भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। इस मौके पर कई लोगों ने पार्थिव पूजन और अन्य अनुष्ठान किए। बाजार क्षेत्र में कई लोगों ने भंडारे भी आयोजित किए थे। सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। उधर दन्यां शिव मंदिर में भी श्रद्धालुओं की भीड़ रही। मेले में स्थानीय और बाहर से आए व्यापारियों ने दुकानें लगाई थी।
सोमेश्वर स्थित शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की तड़के से ही भीड़ लगी रही। देर रात तक यह क्रम चलता रहा। सायं के समय सोमनाथ सांस्कृतिक मंच सोमेश्वर के संयोजन में भगवान शिव पार्वती की झांकी निकाली गई। जिसमें लोग भजन गाते हुए चल रहे थे। इसके बाद रामलीला मैदान में रंगारंग कार्यक्रम कार्यक्रम हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र भंडारी और ब्लाक प्रमुख दीपक बोरा ने किया। भस्मासुर नाटक का कुमाऊंनी भाषा में मंचन भी किया गया। बाजार में व्यापारियों ने दुकानें लगाई थी जिनसे लोगों ने खरीददारी की।