भतरौंजखान (अल्मोड़ा)। बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के दूसरे साल भतरौंजखान से चौनलिया तक हुई हाफ मैराथन में पिछले वर्ष के विजेताओं ने इस वर्ष भी दौड़ जीतकर अन्य प्रतिभागियों को पीछे छोड़ दिया। विधायक प्रतिनिधि पुष्पा भट्ट ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन की शुरुआत की और बाद में विजेताओं को पुरस्कृत किया।
भतरौंजखान से चौनलिया के बीच अनेक स्थानों पर लोग प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने के लिए खड़े थे। चौनलिया पहुंचने पर लोगों ने प्रतिभागियों का स्वागत किया। इसके बाद जीआईसी प्रांगण में पुरस्कार बांटा गया। प्रथम स्थान पर रही दिव्या पपनै को पांच हजार की नकद राशि, दूसरे स्थान पर रही राधा खुल्बे को तीन हजार, तृतीय स्थान पर रही गायत्री को एक हजार, चतुर्थ स्थान पर रही पूजा रौतेला को पांच सौ रुपए और ट्रॉफी प्रदान की गई।
दस अन्य प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। इस दौरान पुलिस, स्वास्थ्य, जल संस्थान के कर्मी भी मुस्तैद रहे। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि पुष्पा भट्ट के अलावा कैलाश पंत, पीतांबर दत्त तिवारी, हरीश भट्ट, कैलाश करगेती, त्रिलोक सिंह भंडारी, आयोजक दीपक करगेती, ललित मोहन फर्त्याल, दिनेश जोशी, प्रकाश चंद्र, हरीश खुल्बे, संजय डौर्बी आदि थे।