फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Almora News: मिल जाती सुरक्षा तो नहीं होती उत्तर पुस्तिकाओं की चोरी

Tue, 04 Apr 2023 09:55 PM IST
हल्द्वानी ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, अल्मोड़ा
विज्ञापन
बाड़ेछीना परीक्षा केंद्र में ताले टूटने की घटना की पुलिस को तहरीर देते शिक्षा विभाग के कर्मचारी।
विज्ञापन
धौलछीना (अल्मोड़ा)। बाड़ेछीना के बोर्ड परीक्षा केंद्र में हुई चोरी ने पुलिस की मुस्तैदी और शिक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। यदि परीक्षा केंद्र में मांग के अनुरूप सुरक्षा कर्मियों की तैनाती होती तो शायद चोरी होने से बच जाती।
विज्ञापन

जीआईसी बाड़ेछीना आबादी से दूर स्थित है। केंद्र व्यवस्थापक ने बोर्ड परीक्षा के दौरान केंद्र के आसपास लोगों की आवाजाही अधिक होने पर स्कूल में अप्रिय घटना घटने का अंदेशा जताते हुए 24 मार्च की परीक्षा खत्म होने के बाद सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की मांग करते हुए अनुसेवक देते हुए थाने भेजा था लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। पुलिस ने दिन के समय गश्त करने के साथ ही दो होमगार्ड की तैनाती कर औपचारिकता निभा दी। वहीं केंद्र व्यवस्थापक ने शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों को भी रात में सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो चौकीदारों की मांग की थी लेकिन इस मांग को भी अनदेखा कर दिया गया।
इसी का नतीजा रहा कि रात के समय वहां तैनात एकमात्र चौकीदार कमरे में सोता रहा और चोरों ने दूसरे कक्ष का ताला तोड़कर उत्तर पुस्तिकाएं चुरा लीं। वहीं परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी लगाने का भी नियम तय किया गया था। बावजूद इसके जिले के अधिकतर परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी नहीं लगाए गए हैं। यदि समय रहते परीक्षा केंद्र की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाते तो शायद इतनी बड़ी घटना होने से बच जाती। सीसीटीवी लगे होने से चोरी की घटना को अंजाम देने के बाद चोरों का आसानी से पता भी लग जाता। ऐसे में पुलिस और शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने शुरू हो गए हैं।
विज्ञापन


लक्ष्य था प्रश्नपत्रों की चोरी, हाथ लगीं खाली उत्तर पुस्तिका
धौलछीना (अल्मोड़ा)। बाड़ेछीना जीआईसी में बने बोर्ड परीक्षा केंद्र में चोर प्रश्नपत्रों पर हाथ साफ करने की फिराक में थे। उन्होंने कक्ष का ताला तोड़ा लेकिन उन्हें वहां प्रश्नपत्र नहीं मिले तो खाली उत्तर पुस्तिकाएं ही चुरा ले गए। यदि दूसरे कक्ष में प्रश्नपत्र सुरक्षित नहीं रखे जाते और वहां चौकीदार की मौजूदगी नहीं होती तो चोर इस पर हाथ साफ कर लेते। ऐसे में परीक्षा रोकनी पड़ती जिसका खामियाजा जिले भर के 18 हजार से अधिक परीक्षार्थियों को उठाना पड़ता।

सिर्फ 100 मीटर दूर कमरे में था चौकीदार, नहीं लगी ताला तोड़ने की भनक
धौलछीना। केंद्र व्यवस्थापक के मुताबिक रात के समय सुरक्षा कर्मी न होने पर सिर्फ एक चौकीदार को प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं की सुरक्षा के लिए तैनात किया गया था। वह सिर्फ 100 मीटर दूसरे कक्ष में मौजूद था और उसे अगले कक्ष में ताले टूटने की भनक तक नहीं लगी। ऐसे में परीक्षा केंद्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं।

उत्तर पुस्तिका चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराने छह घंटे बाद थाने पहुंचे अधिकारी
धौलछीना (अल्मोड़ा)। बाड़ेछीना जीआईसी में बने परीक्षा केंद्र में चोरों ने कक्ष का ताला तोड़कर उत्तर पुस्तिकाएं चोरी कर लीं। इतनी बढ़ी घटना के बाद भी विभाग सोया रहा और उसे रिपोर्ट दर्ज कराने में छह घंटे का समय लगा। बीते रविवार की रात को चोरों ने इस घटना को अंजाम दिया। सोमवार सुबह नौ बजे घटना का पता चला लेकिन अधिकारी शाम तीन बजे मामले की तहरीर देने थाने पहुंचे। अब तहरीर मिलने के बाद पुलिस जल्द चोरों का पता लगाने का दावा कर रही है।

ये है मामला
धौलछीना। जीआईसी बाड़ेछीना में बने बोर्ड परीक्षा केंद्र में रविवार रात चोरों ने एक कक्ष के ताले तोड़कर पांच खाली उत्तर पुस्तिकाएं चोरी कर लीं। अगले दिन चौकीदार की नजर टूटे ताले पर पड़ी और उसने घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी। हालांकि चोर प्रश्नपत्र वाले कक्ष में नहीं पहुंच सके थे। घटना के बाद विभागीय अधिकारियों ने मामले की तहरीर पुलिस को दी।

कोट
परीक्षा केंद्र में एक कक्ष के ताले तोड़कर पांच खाली उत्तर पुस्तिकाओं की चोरी की गई है। प्रथम दृष्टया चोर प्रश्नपत्रों की चोरी को अंजाम देना चाहते थे। पहले ही पुलिस से रात के समय सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की मांग की गई थी। प्रार्थना पत्र लेने से मना करने के बाद उसे मैंने रजिस्ट्री से पुलिस विभाग को भेजा है। विभाग से भी रात के लिए दो चौकीदारों की मांग की थी लेकिन नहीं मिले। - सतीष चंद्र मिश्रा, केंद्र व्यवस्थापक, प्रधानाचार्य, जीआईसी बाड़ेछीना।
कोट
बाड़ेछीना परीक्षा केंद्र में हुई चोरी की तहरीर पुलिस को दी गई है। कर्मियों की कमी है। ऐसे में यहां रात के लिए दो चौकीदारों की तैनाती करना संभव नहीं था। मंगलवार को ही एक पीआरडी जवान की तैनाती वहां की गई है। बजट के अभाव में सभी परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी नहीं लगाए जा सके। प्रश्नपत्र और अन्य दस्तावेज सुरक्षित हैं। - हेमलता भट्ट, सीईओ, अल्मोड़ा।
कोट
दिन के समय पुलिस टीम परीक्षा केंद्र में गश्त करती है। परीक्षा के दौरान दो होमगार्ड की तैनाती रहती है। विभागीय अधिकारियों का अनर्गल आरोप लगाना उचित नहीं है। रात के समय परीक्षा केंद्र में सुरक्षा कर्मी नहीं भेजे गए। - सुशील कुमार, थानाध्यक्ष, धौलछीना।
विज्ञापन


विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें