अल्मोड़ा। जिले में फूलों की खेती कर कई किसान अच्छी आय अर्जित कर रहे हैं। जिप्सोफिला फूल का उत्पादन जिले में पहली बार होने जा रहा है। इस फूल के पौध की कटिंग का रोपण चाणबैंड में किया जाएगा। जिप्सोफिला फूल की महानगरों में अच्छी मांग है।
जिले की जलवायु जिप्सोफिला फूल की खेती के लिए मुफीद है। मुख्य उद्यान अधिकारी टीएन पांडे ने बताया कि राज्य के अल्मोड़ा जिले में पहली बार जिप्सोफिला की खेती की जाएगी। इसका बीज और कटिंग लगती है। पौधा करीब पचास सेमी तक ऊंचा होता है। कटिंग लगाने के बाद चालीस से पचास दिन में पौधे में फूल आने लगते हैं।
उन्होंने बताया कि जिप्सोफिला के फूल की महानगरों में अच्छी मांग है। दिल्ली समेत अन्य महानगरों में इसका एक फूल 25 से तीस रुपये प्रति फूल बिकता है। प्रयोग के तौर में चाणबैंड में किसान केसी जोशी के फार्म में पॉलीहाउस में जिप्सोफिला की कटिंग रोपी जाएंगी। पहले चरण में उनके यहां एक हजार वर्ग फिट के पालीहाउस में करीब पांच हजार कटिंग लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि उद्यान विभाग उन्हें पूर्ण तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएगा। जिले के अन्य स्थानों पर जिप्सोफिला फूल की खेती करने के लिए विभाग किसानों को प्रोत्साहित करेगा।