बागेश्वर। जिले के महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम वर्ष के लिए आवेदन प्रक्रिया के लिए सोमवार का दिन अंतिम होगा। मंगलवार से समर्थ पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की जांच की जाएगी। आवेदनों की जांच के बाद पोर्टल पर ही मेरिट सूची जारी की जाएगी।
इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद स्नातक की कक्षाओं में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थी सोमवार को पांच बजे के बाद पोर्टल पर आवेदन नहीं कर सकेंगे। एसएसजे विश्वविद्यालय की ओर से बीते 24 मई से समर्थ पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया शुरू की गई थी। 24 मई से 31 मई तक आवेदन के प्रथम चरण में अभ्यर्थियों ने ईमेल और मोबाइल नंबर का पंजीकरण किया था। एक जून से 30 जून तक अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए महाविद्यालयों और विषयों का चयन करना था। सभी विद्यार्थियों को समर्थ पोर्टल पर मांगे गए दस्तावेजों का विवरण भरना था। मंगलवार से विश्वविद्यालय की टीम प्राप्त आवेदनों की जांच करेगी। सभी आवेदनों की जांच पूरी होने के बाद चयनित अभ्यर्थियों को ईमेल के माध्यम से सूचित किया जाएगा। संबंधित अभ्यर्थियों को प्रवेश के लिए अपने मूल पंजीकरण फॉर्म के साथ प्रमाणपत्रों की मूल कॉपी के साथ महाविद्यालय पहुंचना होगा।
.......कोट
जिले के महाविद्यालयों में स्नातक प्रवेश के लिए सोमवार को अंतिम तिथि है। अंतिम तिथि के बाद समर्थ पोर्टल पर आवेदन नहीं होंगे। संबंधित अभ्यर्थी समय रहते आवेदन कर सकते हैं। - डॉ. गिरीश चंद्र साह, निदेशक पंडित बीडी पांडेय परिसर