छोटे पर्दे की अभिनेत्री रूप दुर्गापाल का कहना है कि भविष्य में वह बॉलीवुड में पदार्पण करने की सोच रही हैं और ग्लैमरस भूमिका को भी स्वीकार करेंगी। उनकी तमन्ना शाहिद, शाहरुख खान और इरफान जैसे अभिनेताओं के साथ काम करने की है। कुछ समय पहले अक्षय कुमार की फिल्म होली डे में उन्हें काम करने का ऑफर मिला था, लेकिन उन दिनों बालिका वधू सीरियल में वह सांची का प्रमुख रोल कर रही थी जिससे दोनों भूमिकाओं के क्लैश होने का डर था, उनका कहना है कि अब ऐसी बात नहीं है।
रूप दुर्गापाल इन दिनों छुट्टियां बिताने कुछ दिनों के लिए अपने घर अल्मोड़ा आई हैं। यहां अमर उजाला से खास बातचीत में उन्होंने कहा कि बालिका वधू में सांची, बालवीर में डरी परी, अकबर बीरबल में इच्छाधारी नागिन एंड टीवी के गंगा सीरियल सुप्रिया की भूमिका से वह काफी संतुष्ट हैं। उन्हें कम समय में काफी शोहरत मिली है। इसे देखते हुए रूप अब बॉलीवुड की तरफ कदम बढ़ाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह छोटे पर्दे में लगातार काम करती रहेंगी, लेकिन अगर फिल्मों में अच्छी भूमिका मिली तो अवश्य काम शुरू कर देंगी।
रूप ने बताया कि कुछ समय पहले अक्षय कुमार की फिल्म होली डे में उन्हें आतंकवादी की पत्नी के रोल के लिए ऑफर मिला था लेकिन उस वक्त वह बालिका वधू सीरियल में वह सांची की भूमिका निभा रही थीं। दोनों भूमिकाओं के क्लैश होने की आशंकाओं के चलते उन्होंने ऑफर स्वीकार नहीं किया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने यह भी कहा कि फिल्म की जरूरत के मुताबिक अगर ग्लैमरस रोल मिला तो भी इस भूमिका को भी करना चाहेंगी। रूप ने बताया कि अभिनेत्रियों में वह ऐश्वर्या राय को अपना आदर्श मानती हैं और बचपन से ही उनकी फैन रही हैं।