अल्मोड़ा। विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान और सांसद अजय टम्टा ने मुख्यमंत्री की घोषणा में शामिल 25.46 करोड़ लागत से बनने वाली अल्मोड़ा पेयजल योजना सुदृढ़ीकरण भाग-एक का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि चौहान ने कहा कि मटेला से विक्टर मोहन जोशी जलाशय तक नई पेयजल लाइन बिछने से अल्मोड़ा नगर और आसपास के इलाकों को 7.5 एमएलडी अतिरिक्त पानी मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस योजना के पूर्ण होने से शहर में पानी की कमी नहीं रहेगी। कपिलेश्वर-डोलीडाना पंपिंग योजना को भी शासन से जल्दी ही स्वीकृति दिलाई जाएगी। अध्यक्षता करते हुए सांसद अजय टम्टा ने कहा कि योजना के बनने से शहर और आसपास की 35 ग्राम पंचायतों की करीब 1.20 लाख आबादी की पेयजल समस्या दूर होगी। इस मौके पर बताया गया कि इस योजना का निर्माण एक साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बनने से एनटीडी, हीराडुंगरी, शैल, एनटीडी, कसारदेवी, फलसीमा, पांडेखोला, कर्नाटकखोला, धारानौला, नंदादेवी, मुख्य बाजार का आधा हिस्सा, मालरोड आदि क्षेत्रों की पेयजल आपूर्ति दुरुस्त होगी।
कार्यक्रम में जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष ललित लटवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष रवि रौतेला, पूर्व जिला उपाध्यक्ष गोविंद सिंह पिलख्वाल, पेयजल निर्माण निगम के ईई केडी भटट, जल संस्थान के ईई केएस खाती ने विचार रखे। यहां भाजपा नगर अध्यक्ष कैलाश गुरुरानी, महेश नयाल, संजय साह रिक्खू, महिपाल सिंह, प्रकाश बिष्ट, त्रिलोक रावत, नंदन प्रसाद, दर्शन रावत, किरण पंत, लता बिष्ट, प्रताप कनवाल, रेखा आर्या आदि मौजूद रहे। विधानसभा उपाध्यक्ष चौहान और सांसद टम्टा ने कोसी बैराज और इंटेकवेल का भी निरीक्षण किया।