बैठक में भाग लेती आशा कार्यकत्रियां। अमर उजाला
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। मांगों को लेकर उत्तराखंड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर आशा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को यहां शिव मंदिर सभागार से हुंकार भरी। मांगों को लेकर एकजुट होने का आह्वान किया। सरकार पर अड़ियल रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए तय हुआ कि 26 अगस्त को ब्लॉक मुख्यालय में आशा जुलूस प्रदर्शन करेंगी।
शिव मंदिर में हुई बैठक में आशा कार्यकर्ताओं ने कहा कि विषम परिस्थितियों में ईमानदारी पूर्वक कार्य करने के बावजूद उनका मानदेय 10 हजार रुपये महीना नहीं किया जा रहा है। जबकि कई अन्य प्रदेशों में आशा को अच्छा मानदेय मिल रहा है। आंध्र प्रदेश की तर्ज पर 10 हजार रुपये महीना मानदेय देने की मांग उठाई। कहा कि वह लोग नौ अगस्त से कार्य बहिष्कार पर हैं अब 26 अगस्त को ब्लॉक मुख्यालय का घेराव और जुलूस प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष कमला कुंजवाल ने कहा कि कार्यकर्ता पूरी शिद्दत के साथ कार्य कर रही हैं, इसके बावजूद सरकार उन्हें मासिक वेतन न देकर महिला श्रमिकों का शोषण कर रही है। बंद की गई वार्षिक प्रोत्साहन राशि देने, नियमित कर्मचारी का दर्जा दिलाने की मांग भी की गई। बैठक में राज्य कार्यकारिणी सदस्य मीना आर्या, ब्लॉक अध्यक्ष कमला जोशी, कुसुम बिष्ट, दीपा पपने, राजेश्वरी, सुनीता, मीना, ललिता, सरोज चौधरी, भावना बिष्ट, मंजू नेगी, हीरा देवी, प्रेमा सुयाल आदि मौजूद थीं।