मनमाने कोटिकरण के कारण हुए तबादलों के चलते कई माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों का टोटा पड़ गया है। जीआईसी योगसैंण रामपुर में विज्ञान वर्ग में एक भी प्रवक्ता न होने से कक्षा 11 के 30 में से 15 बच्चे दूसरे स्कूलों में चले गए हैं।
इसे लेकर हुई प्रबंध समिति और अभिभावक संघ की बैठक में आंदोलन की चेतावनी दी गई है। बैठक में कहा गया कि स्कूल में 17 पदों में से सिर्फ छह शिक्षक ही तैनात हैं। जबकि विद्यालय में 300 छात्र अध्ययनरत हैं।
हाल में हुए तबादलों के बाद विज्ञान वर्ग में एक भी प्रवक्ता के न होने से इंटर विज्ञान वर्ग के आधे से अधिक बच्चों ने दूसरे स्कूलों में प्रवेश ले लिया है। बैठक में शिक्षकों की शीघ्र तैनाती नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई।
बैठक की अध्यक्षता अभिभावक संघ की अध्यक्ष शांती मावड़ी ने की। प्रधानाचार्य बलवंत सिंह नेगी ने अभिभावकों से रचनात्मक सहयोग देने का आग्रह किया।
वहां रघुनाथ सिंह रावत, गोपालगिरि, गोपाल राम, सुरेशानंद, मानसिंह, मोहन मेहरा, तुलसी देवी , रेवती देवी और प्रकाश सिंह आदि मौजूद थे। इधर जीजीआईसी चौखुटिया और जीजीआईसी मासी में भी शिक्षिकाओं के अधिकांश पद खाली होने से छात्राओं के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई हैं।