अल्मोड़ा। सहालग और ठंड की जुगलबंदी से कपड़ों का बाजार ग्राहकों से गुलजार है। सुबह से शाम तक खरीदारी होने से बाजार में रौनक है। बिक्री में उछाल आने से कारोबारी भी राहत महसूस कर रहे हैं।
विज्ञापन
नगर के लाला बाजार, चौक बाजार, कारखाना बाजार, कचहरी बाजार आदि बाजारों में स्थित कपड़ों की दुकानों में खरीदारी के लिए ग्राहक उमड़ रहे हैं। जिन घरों में शादियां हैं वह दूल्हा-दुल्हन कपड़ों की खरीदारी कर रहे हैं।
दुल्हन के लिए दुकानों में विभिन्न प्रकार के लहंगा, साड़ी, दूल्हे के लिए कोट-पैंट, शेरवानी आदि सजे हैं। इनकी कीमत भी अलग-अलग है। चंदेरी साड़ी जहां पांच हजार से 12 हजार तो घाघरा सलवार सूट पांच हजार से आठ हजार रुपये तक की कीमत में उपलब्ध है।
विज्ञापन
चौक बाजार के व्यवसायी आशुतोष कपूर ने बताया कि 500 से 1000 रुपये में अलग-अलग डिजाइन की साड़ियां उपलब्ध हैं। लोग अपनी जेब के मुताबिक खरीदारी कर रहे हैं। बताया कि सहालग के चलते बाजार में रौनक है।