चौखुटिया। क्षेत्र पंचायत सदस्यों के आंदोलन को समाप्त कराने की दिशा में गेवाड़ विकास समिति ने पहल तेज कर दी है। आंदोलनरत क्षेत्र पंचायत सदस्यों का पत्र मिलने के बाद समिति अध्यक्ष गजेन्द्र नेगी और महामंत्री शिव कुमार आंदोलन स्थल पर पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने आंदोलनकारियों और संबंधित पक्षों से वार्ता कर आपसी तालमेल के साथ समाधान निकालने का आग्रह किया। समिति अध्यक्ष गजेन्द्र नेगी ने कहा कि चौखुटिया विकासखंड के विकास कार्यों को गति देने के लिए सभी जनप्रतिनिधियों और संबंधित पक्षों को मिलकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने क्षेत्रहित को ध्यान में रखते हुए आंदोलन समाप्त करने की अपील की और भरोसा दिलाया कि समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक प्रयास जारी रहेंगे।
महामंत्री शिव कुमार ने कहा कि संवाद और आपसी सहयोग से ही समस्याओं का स्थायी समाधान संभव है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सभी पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद आंदोलन जल्द समाप्त हो जाएगा। समिति पदाधिकारियों की पहल के बाद आंदोलन स्थल पर सकारात्मक माहौल देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने भी बातचीत के माध्यम से समाधान निकालने की आवश्यकता पर जोर दिया।