मुख्य विकास अधिकारी प्रकाश चंद्र ने गौरा देवी कन्या धन योजना का लाभ अधिक से अधिक छात्राओं तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। सीडीओ ने इस संबंध में शिक्षा और समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों की बैठक ली।
उन्होंने कहा कि 20 अक्तूबर तक सभी औपचारिकताएं पूरी कर लें। ताकि अंतिम सूची के हिसाब से शासन से बजट की मांग की जा सके। योजना के तहत 4257 छात्राओं के फार्म प्राप्त हो चुके हैं।
इनमें से सामान्य जाति के 3177 और अनुसूचित जाति जनजाति के 1080 फार्म शामिल हैं। सीडीओ ने कहा कि आधे-अधूरे आवेदनों की त्रुटि तत्काल दूर कर समाज कल्याण विभाग में जमा कराएं।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी चंद्रा चौहान, जिला शिक्षा अधिकारी एचबी चंद, जिला कार्यक्रम अधिकारी पीएस बृजवाल के अलावा खंड विकास अधिकारियों ने भाग लिया।