रानीखेत (अल्मोड़ा)। सावन माह में धार्मिक मान्यताओं के चलते अधिकतर लोग लहसुन का सेवन नहीं करते हैं। हर साल सावन में मांग कम होने पर लहसुन के दाम कुछ नरम पड़ जाते हैं लेकिन इस बार ऐसा देखने को नहीं मिल रहा।
रानीखेत बाजार में लहसुन 180 रुपये प्रति किलो बिक रहा है जबकि कुछ समय पहले इसका भाव करीब 150 रुपये प्रति किलो था। स्थानीय निवासी दीपक नेगी, नवीन चंद्र, कुंदन सिंह ने बताया कि सावन में उनके घरों में लहसुन का उपयोग लगभग बंद हो जाता है। इसके बावजूद इस बार कीमतों में कमी नहीं आई जिससे लोगों को राहत नहीं मिल सकी। वहीं विक्रेता कैलाश पाठक व महेंद्र सिंह ने बताया कि लहसुन पहले की तुलना में महंगा आ रहा है। इसी वजह से खुदरा बाजार में भी इसके दाम बढ़े हुए हैं। उनका कहना है कि सावन के बाद इसके दाम और बढ़ने की आशंका है।