गरिमा जोशी को सम्मानित करते प्रभारी कोतवाल रमेश बोहरा। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : RANIKHET
रानीखेत (अल्मोड़ा)। पुलिस स्मृति दिवस पर रानीखेत पुलिस ने उत्तराखंड की उदीयमान धाविका गरिमा जोशी को सम्मानित किया। गरिमा जोशी पिछले कुछ सालों से घायल हैं। बंगलूरू में अभ्यास के दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह घायल हो गई थीं। अब वह व्हीलचेयर पर हैं, लेकिन खेलों के प्रति उनका जज्बा कम नहीं हुआ है। वह व्हीलचेयर बास्केटबाल सहित तमाम प्रतियोगिताओं में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग कर रही हैं। पिछले कुछ समय से वह अपने द्वाराहाट छतगुल्ला स्थित गांव में ही हैं। बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर प्रभारी कोतवाल रमेश बोहरा ने पुष्प गुच्छ देकर उन्हें सम्मानित किया, उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। गरिमा जोशी की रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें हैं, जिसके चलते उनके पैरों ने काम करना बंद कर दिया है। उनका अभी उपचार चल रहा है। नवरात्र के मौके पर वह अपने पिता पूरन जोशी के साथ रानीखेत आईं और उन्होंने यहां हैड़ाखान में चल रहे जगदंबा महायज्ञ में भी भाग लिया।