जिले के राजकीय इंटर कालेजों में शिक्षकों के खाली पदों में नियुक्ति समेत 20 सूत्रीय मांगों को लेकर चौघानपाटा स्थित कैप्टन सतीश चंद्र जोशी पार्क में बसपा विधानसभा क्षेत्र इकाई महासचिव धनी राम का आमरण अनशन रविवार को भी जारी रहा। अनशन स्थल पर हुई बैठक में वक्ताओं ने मांगें शीघ्र पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी होने के कारण ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों को बीमार होने पर उपचार के लिए कई किमी दूर जिला मुख्यालय जाना पड़ता है। इससे उनका समय और धन दोनों बर्बाद होता है। मुंशी हरि प्रसाद टम्टा धर्मशाला को तोड़ दिया गया लेकिन इसके स्थान पर नई धर्मशाला का निर्माण नहीं किया गया।
उन्होंने स्वीकृत पेयजल पंपिंग योजनाओं का निर्माण करने, विभिन्न विभागों में खाली चल रहेे पदों पर कर्मचारियों की नियुक्ति करने की मांग की। इस मौके पर महासचिव भृगुराशन राव, पूर्व जिला कोऑर्डिनेटर भुवन आर्या, नवीन आर्या, वरिष्ठ बसपा नेता महेश चंद्र, जिलाध्यक्ष कृपाल आर्या, शेखर लखचौरा, बसपा जागेश्वर संयोजक तारा पांडे ने विचार रखे। धरने में तारा पांडे, मोहन राम, नारायण राम, रमेश राम, तारा आर्या, खुशाल आर्या आदि बैठे।