गरुड़ (बागेश्वर)। राजस्व पुलिस ने किशोरी को शादी करने की नियत से अगवा करने के आरोपी को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। डीएम ने विवेचना रेगुलर पुलिस को सौंप दी है। उधर, किशोरी का मेडिकल टेस्ट कराने के बाद बालिका सुधार केंद्र भेज दिया है।
राजस्व पुलिस क्षेत्र जखेड़ा के एक गांव के निवासी भगवत सिंह कपकोटी पर आरोप है कि 23 फरवरी को उसने एक किशोरी का अपहरण किया और फरार हो गया। नाबालिग के भाई ने भगवत सिंह के खिलाफ राजस्व पुलिस में आईपीसी की धारा 363 व 366 के तहत मुकदमा दर्ज कराया था।
इसी बीच सूचना मिलने पर नायब तहसीलदार तितिक्षा जोशी, पटवारी किशोर कांडपाल दल बल के साथ मौके पर पहुंचे। नाबालिग को बरामद करने के साथ आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि भगवत सिंह कपकोटी की एक पत्नी बीडीसी सदस्य है जबकि दूसरी पत्नी के दो बच्चे हैं।
क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि दबंग प्रवृत्ति का भगवत से आए दिन क्षेत्र के लोगों से मारपीट करता था। उन्होंने पुलिस से उसके पुराने कारनामों की भी जांच कराने की मांग की है। एसडीएम जयवर्धन शर्मा ने डीएम से मामला रेगुलर पुलिस को सौंपने का आग्रह किया था।