चौखुटिया के रिवाड़ी में शनिवार को बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण करते चिकित्सक।
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार को चिकनपॉक्स के चार और मामले प्रकाश में आए हैं। अब इससे प्रभावित बच्चों की संख्या 21 से बढ़कर 25 हो गई है। इस बीमारी से प्रभावित सबसे अधिक 16 बच्चे विजडम स्कूल के पाए गए हैं। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने विभिन्न विद्यालयों का दौरा करने के बाद इसकी जानकारी दी है। विभाग की टीम ने गांवों का दौरा किया।
स्वास्थ्य विभाग की रेपिड एक्शन टीम ने शनिवार को विभिन्न विद्यालयों का दौरा करने के बाद बताया कि चिकनपॉक्स से प्रभावित स्कूली बच्चों में विजडम स्कूल के 16 बच्चे, सरस्वती शिशु मंदिर रामपुर के 4 बच्चे, विद्या मंदिर रामपुर के 3 बच्चे और सनराइज स्कूल में पढ़ने वाले 2 बच्चे शामिल हैं। टीम ने बाद में रिवाड़ी जाकर भी कई गांवों के बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीम में डॉ. देवेश महरा, डॉ. विवेक पंत, डॉ. निहारिका बिष्ट, कार्यक्रम अधिकारी अतुल सक्सेना और विनोद गडिय़ा आदि शामिल थे।
इधर स्वास्थ्य विभाग एक अन्य टीम ने तल्ला ताजपुर, रिवाड़, गनाई, चौकुड़ी, दिगौत, फुलई, रिवाड़ी, टटलगांव व भनोटिया आदि गावों में जाकर बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीम में भगा बिष्ट, भगवती महरा, तुुलसी जोशी, कमला नेगी आदि शामिल थे।
प्रभावित बच्चों को अवकाश देने के निर्देश
चौखुटिया(अल्मोड़ा)। खंड शिक्षा अधिकारी भारत जोशी ने बताया कि उन्होंने स्वास्थ्य विभाग से मिले पत्र के आधार पर संबंधित स्कूलों के बीमार बच्चों को अवकाश देने के निर्देश दे दिए हैं। इधर चिकित्साधिकारी डॉ. अमित रतन सिंह ने बताया कि स्थित पूरी तरह से नियंत्रण में है। संक्रमित बच्चों पर पूरी निगरानी रखी जा रही है।