अल्मोड़ा। धौलादेवी विकासखंड के गैराड़ गांव में मशरूम खाने से एक ही परिवार के चार लोग बीमार पड़ गए। उन्हें आनन फानन नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह धौलादेवी विकासखंड के गैराड़ गांव में मशरूम की सब्जी खाने से एक ही परिवार की भागीरथी (55), पत्नी जगत राम, ममता (32), पत्नी संजय कुमार, प्रीति (24), पुत्री जगत राम और कार्तिक (4), पुत्र संजय कुमार की तबीयत अचानक बिगड़ गई। पड़ोसियों ने उनको सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धौलादेवी पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए उन्हें हायर सेंटर मेडिकल कॉलेज के अधीन बेस अस्पताल रेफर कर दिया गया। देर शाम चारों को बेस अस्पताल लाया गया जहां उनका उपचार किया जा रहा है। कॉलेज के एमएस डॉक्टर अमित ने बताया कि मशरूम खाने से बीमार पड़े लोगों का उपचार किया जा रहा है।