संवाद न्यूज एजेंसी
अल्मोड़ा। जिला अस्पताल में चार डॉक्टरों के अवकाश में रहने से मरीजों को उपचार के लिए भटकना पड़ा। भैया दूज के दूसरे दिन अस्पतालों में मरीजों की भीड़ रही। जिला और बेस अस्पताल में 915 मरीज उपचार के लिए पहुंचे। भैयादूज के बाद लोग अपने कार्य स्थलों को लौट गए हैं। शुक्रवार को जिला मुख्यालय के अस्पतालों में मरीजों की काफी भीड़ रही। जिला अस्पताल में नेत्र सर्जन, चेस्ट फिजिशिन, दो हड्डी रोग विशेषज्ञ अवकाश पर रहे।
इस कारण मौरनौला, ज्वारनेड़ी, भनोली, बाड़ेछीना, लमगड़ा आदि क्षेत्रों से हड्डी, नेत्र और चेस्ट संबंधी रोगों का उपचार कराने आए मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ी। कई मरीज पांच किमी दूर मेडिकल कॉलेज के अधीन बेस अस्पताल गए। वहां भी भीड़ होने के कारण मरीजों को दिक्कतें हुई।
कुछ मरीजों को निजी अस्पतालों में उपचार कराना पड़ा, इससे उन्हें आर्थिक चपत भी लगी। सुबह अस्पताल खुलने से पहले ही मरीजों का अस्पताल पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। चिकित्सक कक्ष के बाहर मरीजों को कतार में खड़े होकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। जिला अस्पताल में 510 और बेस अस्पताल में 405 ओपीडी रही। इधर सीएमओ डॉ. नवीन चंद्र तिवारी ने बताया कि मरीजों को बेहतर सेवा देने का प्रयास किया जा रहा है।