एसएसपी पीएन मीणा के सख्त निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत सल्ट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने पैसिंया बैंड के पास वाहन चेकिंग के दौरान दो वाहनों में सवार महिला समेत चार तस्करों को 72.38 किलो गांजे के साथ गिरफ्तार कर लिया है। चारों आरोपी यह गांजा उपराईखाल पौड़ी गढ़वाल से दिल्ली बेचने ले जा रहे थे। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने गांजा ले जाने में प्रयुक्त दो कारों को भी सीज कर दिया है।
उपनिरीक्षक ललित दिगारी, कांस्टेबल लोकेश, मनमोहन, भूपेंद्र पाल और एसओजी की संयुक्त टीम ने पैसिंया बैंड के पास वाहन चेकिंग के दौरान कार संख्या यूपी-16 बीसी-5505 तथा यूपी-16-एवी-6144 को चैक किया तो उनमें भारी मात्रा में गांजा बरामद हुआ। इसमें अनुज यादव निवासी सेक्टर-4, नोएडा गौतमबुद्धनगर उप्र के कब्जे से 10.82 किलो, प्रवेश कुमार निवासी सेक्टर 68 बड़ी चौखाड़ी फेज-3 नोएडा के कब्जे से 30.861 किलो, मुकेश घिल्डियाल निवासी ग्राम सीला थाना थलीसैंण राजस्व क्षेत्र सावली जिला पौड़ी गढ़वाल के कब्जे से 15.389 किलो और विनीता घिल्डियाल निवासी सीला थाना थलीसैंण सावली जिला पौड़ी के कब्जे से 15.317 किलो गांजा बरामद हुआ। थानाध्यक्ष सल्ट हरीश प्रसाद ने बताया कि चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। एसएसपी पीएन मीणा के निर्देशन में अब तक जिले में 144.07 किलो अवैध गांजे के साथ आठ अभियुक्तों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
सगे भाई बहन हैं आरोपी मुकेश और विनीता
अल्मोड़ा। अवैध गांजे के साथ पकड़े गए 27 वर्षीय मुकेश घिल्डियाल और 25 वर्षीय विनीता घिल्डियाल सगे भाई बहन हैं। आरोपी गांजे को फॉरच्यूनर और स्विफ्ट कार में लेकर जा रहे थे ताकि किसी को शक न हो।