विवेकानंद पर्वतीय कृषि अनुसंधान संस्थान अल्मोड़ा का 98वां स्थापना दिवस शनिवार को वर्चुअल माध्यम से अल्मोड़ा और हवालबाग प्रक्षेत्र में मनाया गया। भारतीय कृषि अनुसंधान परिसर नई दिल्ली के महानिदेशक डॉ. त्रिलोचन महापात्रा ने बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम का शुभारंभ कर पर्वतीय कृषि के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए संस्थान की सराहना की।
मुख्य अतिथि डॉ. महापात्रा ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कहा कि लंबे समय से संस्थान पर्वतीय कृषि के क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। यह न सिर्फ अल्मोड़ा, बल्कि पूरे देश के लिए मिसाल है। उन्होंने प्रथम पद्मभूषण प्रो. बोसी सेन स्मारक व्याख्यान दिया। उन्होंने प्रो. बोसी को श्रद्धांजलि अर्पित कर सभी पूर्व निदेशकों के योगदान को सराहा। उन्होंने उपभोक्ता वरीयता का महत्व बताकर पोषण संबंधी शोध और विश्व स्तर पर उन्हें बढ़ावा देने के लिए उत्पाद ब्रांडिंग की सलाह दी। संस्थान के निदेशक डॉ. लक्ष्मीकांत ने पिछले सालों की उपलब्धियां बताईं।
कहा कि पिछले वर्ष विभिन्न फसलों की 10 किस्में अधिसूचित, दो किस्में विमोचित और पांच किस्मों की पहचान की गई। उन्होंने लहसुन के कंदों का रोपण सामग्री के रूप में और मक्का में त्वरित प्रजनन के लिए डबल हैप्लोइडी के उपयोग को महत्वपूर्ण बताया। देश के 24 राज्यों ने किस्मों का प्रसार कर 16 राज्यों में संस्थान की विकसित मशीनें पहुंचीं हैं। इस मौके पर पूर्व निदेशक डॉ. जेपी टंडन, संस्थान के शोध सलाहकार समिति अध्यक्ष डॉ. एचएस गुप्ता, डॉ. जेसी भट्ट, डॉ. एके श्रीवास्तव, डॉ. अरुणव पट्टनायक, डॉ. आरसी श्रीवास्तव आदि ऑनलाइन शामिल हुए। वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. रेनू जेठी और वैज्ञानिक डॉ. कुशाग्रा जोशी ने समन्वय किया। फसल उत्पादन विभाग के प्रभागाध्यक्ष डॉ. जेके बिष्ट ने आभार जताया।
प्रकाशनों का विमोचन और विकसित उत्पादों का लोकार्पण
अल्मोड़ा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. महापात्रा ने संस्थान के प्रकाशनों ऑर्गेनिक फार्मिंग इन दि नॉर्थ वेस्ट हिमालयास, कोंपेंडिअम ऑफ लेक्चर्स ऑफ नेशनल वेबिनार एंड डबल हैपलोइड प्रोडक्शन इन मेइज यूसिंग इन विटरो मैटेरियल हैप्लोइड इंडक्शन सिस्टम का विमोचन किया जबकि संस्थान की ओर से विकसित बीएल क्यूपीएम संकर 59, प्रथम सफेद मडुवा की प्रजाति वीएल मडुवा 382, वीएल चेरी टमाटर एक और चारकोल आधारित शीत सहिष्णु पादप वृद्धिकारक वीएल बायोएजेंट 15 का लोकार्पण किया गया। (संवाद)
उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोग सम्मानित
अल्मोड़ा। कार्यक्रम के दौरान संस्थान में कार्यरत सहायक मुख्य तकनीकी अधिकारी संजय कुमार, वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी दयाशंकर, तकनीकी अधिकारी रेनू सनवाल, सहायक तकनीकी अधिकारी, मनोज भट्ट, वैयक्तिक सहायक चारु चंद्र जोशी आदि को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वैज्ञानिक डॉ. श्यामनाथ, सहायक मुख्य तकनीकी अधिकारी डॉ. कमल कुमार पांडे, सीएलटीएस राजेंद्र सिंह कनवाल, डॉ. हेमलता जोशी, ममता जोशी, फैजा शाहिद, रोहित कपिल और संस्थान के कोरोना योद्धाओं डॉ. आशीष कुमार, बृजमोहन पांडे, सनाउल्लाह को भी सम्मानित किया। सेवानिवृत्त हो रहे कार्मिकों बीसी पांडे, कृष्ण लाल, प्रहलाद सिंह, उमेद सिंह को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। (संवाद)