रानीखेत (अल्मोड़ा)। पूर्व पैरा मिलिट्री फोर्स संगठन ताड़ीखेत ब्लॉक की बैठक में अर्द्धसैनिक बलों के पूर्व सैनिकों की विभिन्न समस्याओं के समाधान पर चर्चा हुई। सरकार पर पूर्व सैनिकों की उपेक्षा का आरोप लगाया गया। कहा कि घोषणा के बावजूद देहरादून में कल्याण निदेशालय की स्थापना नहीं हुई, जबकि अल्मोड़ा और कोटद्वार में मंडलीय कार्यालय भी नहीं खोले गए, जबकि इसके लिए धन भी पूर्व में स्वीकृत कर दिया गया है।
यहां हुई सभा में संगठन की ताड़ीखेत कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसके लिए हीरा सिंह रावत अध्यक्ष, गोपाल सिंह उपाध्यक्ष, गोपाल सिंह फर्त्याल सचिव, मोहन सिंह मावड़ी कोषाध्यक्ष चुना गया, जबकि डीके पांडे को संरक्षक मनोनीत किया गया। प्रदेश कोऑर्डिनेटर मनोहर सिंह नेगी और सचिव रूप सिंह ने संगठन की मजबूती के लिए सभी से एकजुट होकर आगे आने का आह्वान किया।
उन्होंने संगठन के आगामी कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। अध्यक्षता डीके पांडे और संचालन हरी सिंह नेगी ने किया। सभा में द्वाराहाट ब्लॉक के रमेश सिंह नेगी, नाथू सिंह, खीम सिंह अधिकारी, राजेंद्र कुमार, दीप चंद्र, नारायण सिंह, लाल सिंह आदि थे। तय हुआ कि 11 सितंबर को दिल्ली में प्रस्तावित धरने में अल्मोड़ा जिले के लोग भाग लेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री आवास का घेराव भी होना है।
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। पूर्व पैरामिलिट्री सैनिक संगठन की बैठक में वन रैंक वन पेंशन मुद्दे को लेकर आगामी 11 सितंबर को दिल्ली जंतर मंतर पर राष्ट्रव्यापी धरना, प्रदर्शन में भागीदारी करने का फैसला हुआ। बैठक में पेंशन, मेडिकल पेंशन सहित आश्रितों की समस्याओं सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई।
यह भी तय हुआ कि आगामी 11 सितंबर को दिल्ली में प्रस्तावित धरना, प्रदर्शन में पूर्व आईटीबीपी कमांडेंट तारा दत्त शर्मा के नेतृत्व में भिकियासैंण, चौखुटिया, द्वाराहाट, रानीखेत आदि क्षेत्रों से सदस्य हिस्सा लेंगे। बैठक में संगठन के अध्यक्ष भूपाल सिंह बिष्ट, खीम सिंह, टीडी शर्मा, बाग सिंह, नारायण सिंह आदि आईटीबीपी, बीएसएफ, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, एसएसबी, असम राइफल्स से सेवानिवृत्त सैनिक और उनके आश्रित थे।