कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार का एक साल का कार्यकाल उपलब्धिहीन रहा है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार कारपोरेट घरानों के हितों के लिए काम कर रही है।
बड़े पूंजी वालों को खुश करने के लिए ही मोदी सरकार भूमि अधिग्रहण बिल पास कराना चाहती है। उन्होंने कहा कि गंगा सफाई अभियान में कुमाऊं की नदियों को भी शामिल किया जाना चाहिए।
यहां शिखर सभागार में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार की एक साल की कुछ भी उपलब्धि नहीं रही है। सरकार भ्रष्टाचार खत्म होने की बात करती है लेकिन हालत यह है कि एक साल बाद भी लोकपाल की नियुक्ति नहीं की गई है। केंद्र में मुख्य सूचना आयुक्त का पद भी खाली है।
केंद्र सरकार से मनरेगा सहित 30 योजनाओं के लिए मिलने वाले बजट में भारी कटौती की गई है। टम्टा ने कहा कि यूपीए सरकार ने निर्मल ग्राम योजना चलाई थी लेकिन अब उसे स्वच्छ भारत योजना का नाम दिया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 12 माह के कार्यकाल में 18 देशों का दौरा कर चुके हैं।
उनके यह दौरे आरएसएस के हिंदुत्व के एजेंडे को बढ़ाने के लिए किए जा रहे हैं। हिमालयी राज्यों के लिए अलग नीति, ग्रीन बोनस, रेल लाइनों के निर्माण के मामले में भी कुछ नहीं हुआ है। इसके लिए भाजपा के पांचों विधायकों को भी बात रखनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि गंगा सफाई अभियान में कुमाऊं की सरयू, महाकाली आदि नदियों को भी शामिल किया जाना चाहिए। वहां नगर कांग्रेस अध्यक्ष बिट्टू कर्नाटक, प्रमोद कुमार, सज्जन कुमार टम्टा आदि थे।