गीत एवं नाट्य प्रभाग भारत सरकार और एफटीआई पुणे के पूर्व निदेशक अल्मोड़ा के बाड़ेछीना निवासी प्रेम मटियानी का दिल्ली में मंगलवार को आकस्मिक निधन हो गया है। वह 66 वर्ष के थे। उनके आकस्मिक निधन से रंगकर्मियों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर छा गई है।
11 जून 1950 को बाड़ेछीना के निकट पांडेतोली में सुंदर मटियानी के घर जन्मे प्रेम मटियानी पांच भाइयों में चौथे नंबर पर थे। वह अपने पीछे धर्मपत्नी, दो पुत्र समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं। पारिवारिक जनों से मिली जानकारी के मुताबिक सोमवार सायं दिल्ली में उनकी अंत्येष्टि कर दी गई है। 11 जून 1950 को पांडेतोली में सुंदर मटियानी के घर जन्मे प्रेम मटियानी की प्रारंभिक शिक्षा इंटर तक बाड़ेछीना में हुई। उसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए वह अपने चचेरे भाई और जाने माने साहित्यकार शैलेश मटियानी के साथ इलाहाबाद चले गए।
जहां उन्होंने 1972 में बीए की परीक्षा पास की। 1976 में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा से डिप्लोमा किया। 1983 में गीत एवं नाटय प्रभाग सूचना प्रसारण मंत्रालय में वह सहायक निदेशक पद पर नियुक्त हुए। इसके बाद 1986 में वह इंग्लैंड के लीड्स शहर चले गए। जहां से उन्होंने थियेटर स्टडीज में स्नातकोत्तर की डिग्री ली। 1991 में इसी विभाग में वह निदेशक पद पर नियुक्त हुए। 2006 में वह निदेशक पद से रिटायर हो गए। उनके पास कुछ साल तक एफटीआई पुणे के निदेशक का अतिरिक्त कार्यभार भी रहा।
विशिष्ट कार्य को देखते हुए पूर्व राष्ट्रपति डा. एपीजे अब्दुल कलाम ने भी उन्हें सम्मानित किया था। श्री मटियानी का अल्मोड़ा और बाड़ेछीना से गहरा नाता रहा और वह यहां आकर होली, रामलीला और अन्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया करते थे।