अल्मोड़ा। वनाग्नि काल में जंगलों के जलने का सिलसिला भी शुरू हो गया है। आग से वन संपदा को नुकसान हो रहा है। वातावरण में भी धुएं के कारण प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा है।
फायर सीजन के बीच अब एनटीडी के पास गंगनाथ मंदिर के जंगल में आग भड़क गई। आग की लपटों से जंगल के 2.5 हेक्टेयर दायरे में वन संपदा आग की भेंट चढ़ गई। फायर सर्विस और वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद एक घंटे बाद किसी तरह आग पर काबू पाया।
सोमवार दोपहर 12:45 बजे फायर स्टेशन अल्मोड़ा को सूचना मिली की एनटीडी के पास गंगनाथ मंदिर के जंगल में आग धधक गई है। वन विभाग और फायर सर्विस टीम ने पेड़ो की टहनियाें और पानी की बौछार से किसी तरह एक घंटे बाद आग की लपटों को शांत किया। आग से जंगल में 2.5 हेक्टेयर वन संपदा को काफी नुकसान पहुंचा। वन क्षेत्राधिकारी मोहन राम आर्या ने बताया कि सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया था। नाप भूमि पर लगी इस आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया था। टीम में गिरीश धारियाल, रमेश सिंह, प्रेम सिंह, रवि आर्या, भावना सिंह आदि मौजूद रहे।