गौशाला तक पहुंची जंगल की आग से झुलसी महिला।
- फोटो : ALMORA
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। गौशाला तक पहुंची जंगल की आग में एक महिला बुरी तरह झुलस गई। झुलसी हालत में महिला को सीएचसी भिकियासैंण लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद महिला को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर घरों तक पहुंची आग से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई। घास के कई लुट्टे और लकड़ी आग की भेंट चढ़ गए।
जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम भिकियासैंण ब्लॉक के स्योंतरा के जंगल में आग लग गई। जंगलों की आग तेजी से फैलते हुए महरू बाखली के गांव तक जा पहुंची। आग की तेज लपटे देख ग्रामीण आग बुझाने में जुट गए। इस बीच एक गोशाला में भी आग की लपटे पहुंच गई। गोशाला में बंधी भैंस को आग से बचाने गई 33 वर्षीय मोहनी देवी आग में झुलस गई। चीखपुकार सुन परिजनों ने गोशाला पहुंचकर बमुश्किल आग की लपटों से महिला को बचाया। इसके बाद उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। डॉ. एमके पांडे ने बताया कि महिला के चेहरा और हाथ झुलसा है।