सल्ट ब्लाक के कफल्टा के जंगल में लगी आग।
- फोटो : amar ujala
तपिश बढ़ने के साथ ही द्वाराहाट के जंगलों में आग की घटनाएं भी बढ़ रही है। वन विभाग के चंथरिया रेंज कार्यालय से मात्र दो सौ मीटर की दूर स्थित जंगल में सोमवार को आग लग गई।
विभागीय कार्यालय पहुंचने से पहले विभागीय कर्मचारियों ने आग पर काबू पा लिया। इधर नागार्जुन वन पंचायत में भी आग लगने की सूचना है। आग लगने से क्षेत्र में बहुमूल्य वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। जंगलों की आग के चलते पूरे क्षेत्र में धुएं के गुब्बार फैला हुआ। नागार्जुन क्षेत्र में भी वन सरपंच सहित वन विभाग की टीम आग बुझाने में जुटी हुई थी। इधर वन राजि अधिकारी नवीन टम्टा ने बताया कि आग की घटनाओं को लेकर वन विभाग पूरी तरह से मुस्तैद है। जहां भी आग लगने की सूचनाएं मिल रही है, तुरंत उसे बुझा दिया जा रहा है। ब्यूरो
जंगल की आग कफल्टा गांव पहुंची, घास और लकड़ी के ढेर हुए खाक
मौलेखाल (अल्मोड़ा)। बारिश थमने के बाद जंगलों में आग की घटनाएं बढ़ गई हैं। सल्ट ब्लाक के कफल्टा, पल्ली गांव, लट आदि गांवों के आसपास के जंगलों में आग लगी हुई। यहां दो दिन से जंगलों में आग लगी हुई है। वन विभाग के इक्का दुक्का कर्मचारी आग पर काबू पाने में नाकाम रहे। इधर सोमवार को जंगल की आग कफल्टा गांव की सरहद तक पहुंच गई। देखते ही देखते भगत बोरा के घास के तीन लुट्टे और लकड़ी के चार ढेर आग की चपेट आकर जल गए। सोमवार की शाम को गांव के लोगों ने एकजुट होकर आग पर काबू पाया।