ग्वालाकोट नैनोली के जंगल में लगी आग।
- फोटो : ALMORA
सोमेश्वर (अल्मोड़ा)। सर्दी के साथ ही जंगलों में आग की घटनाएं भी बढ़ती जा रही हैं। ग्वालाकोट-नैनोली क्षेत्र में पिछले दो दिन से लगातार जंगल जल रहे हैं। जंगल की आग से स्थानीय लोग भी परेशान हैं। माना जा रहा है कि नये साल का जश्न मना रहे अराजक तत्वों की लापरवाही से जंगल में आग लगी।
क्षेत्र के ग्वालाकोट नैनोली में बृहस्पतिवार को अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। स्थानीय लोग आग बुझाने में जुटे रहे लेकिन बेकाबू आग बुझाने में ग्रामीण विफल रहे। हालांकि देर शाम आग पर काबू पाया, लेकिन रात में फिर आग धधक गई। इधर शुक्रवार को भी पूरा दिन जंगल जलते रहे। पूरे जंगल को आग ने आगोश में ले लिए। स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले दो दिनों से लगातार जंगल जल रहे हैं। आग बुझाने की काफी कोशिश की गई, लेकिन आग लगातार बढ़ रही है। जंगल धधकने से पूरे क्षेत्र में धुंध छाई है। वहीं वन विभाग की टीम भी मौके पर नहीं पहुंच पा रही है। रेंजर बिशन लाल आर्या ने बताया कि दो हेक्टेयर जंगल जल चुका है। फील्ड कर्मचारियों की कमी है, लेकिन फिर भी कर्मचारियों को आग बुझाने भेजा गया है।