मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट के पैसिया बाजार में जंगल की आग घर, स्कूल और दुकानों तक पहुंच गई जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। लोग जंगल की तरफ भागे और आग बुझाने में जुट गए। किसी तरह उन्होंने अपने घर, स्कूल, दुकानों को जलने से बचाया।
पैसिया के जंगल में बुधवार को आग लग गई। अनियंत्रित आग घर, दुकान, प्राथमिक विद्यालय, जीआईसी तक पहुंच गई। इसे देखते ही लोग अपने घर, दुकानों को बंद कर जंगल की ओर भागे। रमेश पाल मुहारी, मंगल, लक्ष्मी देवी, गोपाल, अजय पाल सिंह, जयपाल सिंह, बची राम आदि ग्रामीणों ने एकजुटता दिखा हरे पत्तों का झाड़ू बनाकर आग बुझाई। एक घंटे की मशक्कत के बाद आबादी तक पहुंची आग पर काबू पाया गया, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। इसके बावजूद गांव के ऊपरी हिस्से के जंगल पूरे दिन धधकते रहे। ऐसे में वन संपदा को खासा नुकसान पहुंचा है। इन सब के बीच वन विभाग मौके पर नहीं पहुंच सका।
धुंआ फैलने से आधे घंटे तक सड़क पर बंद रही आवाजाही
मौलेखाल (अल्मोड़ा)। जंगल में लगी आग से धुंए का गुबार आसपास के क्षेत्र में फैल गया। घने धुंए के कारण सल्ट-देघाट सड़क पर वाहनों की आवाजाही आधे घंटे तक थमी रही। ग्रामीणों के आग पर काबू पाने के बाद वाहन चालक और यात्री अपने गंतव्य की ओर रवाना हो सके।
35 हेक्टेयर से अधिक जंगल जले
मौलेखाल (अल्मोड़ा)। जिले में जंगलों को आग से सुरक्षित बचाने के दावे कर 155 क्रू सेंटर स्थापित किए गए हैं लेकिन यह दावे जंगलों में लगी आग के धुंए में गुम हो गए हैं। इस फायर सीजन जिलेभर में 35 हेक्टेयर से अधिक जंगल आग की भेंट चढ़ चुके हैं।
पैसिया के जंगल में आग लगने की सूचना मिली है। विभागीय टीम मौके पर भेजी गई है। वन विभाग जंगलों को बचाने के लिए गंभीरता से प्रयास कर रहा है। - महेश चंद्र सती, रेंजर, सल्ट।
कपकोट के जंगलों में लगी आग
कपकोट/बागेश्वर। जहां एक ओर कपकोट के ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि हुई तो वहीं निचले इलाकों में जंगल आग की चपेट में हैं। नगरीय क्षेत्र के समीपवर्ती जंगल में शाम के समय आग लगी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने मौके पर जाकर आग बुझाई। जिले में कपकोट और कांडा क्षेत्र के वन सुलग रहे हैं। कपकोट के कालीधार, ऐठाण के बाद बुधवार को बेलंग के जंगल में आग लगी। आग से वन संपदा को भारी नुकसान हुआ है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि बारिश से राहत मिली थी लेकिन मौसम साफ होने के बाद वन जलने लगे हैं। रेंजर नारायण दत्त पांडेय ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही टीम मौके पर रवाना हो गई थी। जंगल में लगी आग को नियंत्रित कर लिया गया है।