मृतक बालिका के पिता को सांत्वना देते वन विभाग के अधिकारी।
- फोटो : ALMORA
भिकियासैंण (अल्मोड़ा)। नगर पंचायत भिकियासैंण के गांधीनगर वार्ड के बाड़ीकोट में शनिवार को तेंदुए द्वारा मारी गई सात वर्षीय बालिका के शव को रविवार को सीएचसी भिकियासैंण में पोस्टमार्टम करके परिजनों को सौंप दिया गया।
बाद में शव का दाह-संस्कार कर दिया गया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत है और लोग अकेले में बाहर निकलने से डर रहे हैं। उधर वन विभाग ने तेंदुए को पकड़ने के लिए घटना वाली जगह के पास ही पिंजरा लगा दिया है।
बता दें कि शनिवार शाम को गांधी नगर वार्ड के बाड़ीकोट में खेलने के दौरान तेंदुआ दिव्या (07) पुत्री गिरीश सिंह को उठा ले गया। साथ खेल रहे बच्चों के शोर मचाने पर लोग एकत्र हुए और देर रात में घर से कुछ दूरी पर बालिका का शव बरामद हुआ।
रविवार सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिकियासैंण में नागरिक चिकित्सालय रानीखेत से आए डॉ.एसके गोस्वामी ने शव का पोस्टमार्टम किया। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
इस मौके पर प्रभारी तहसीलदार हेमंत मेहरा, कानूनगो एमसी तिवारी सहित राजस्व विभाग के कर्मचारी मौजूद थे। उधर उपजिलाधिकारी राहुल शाह ने वन विभाग के अधिकारियों से तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने के निर्देश दिए। बाद में घटना स्थल के निकट पिंजरा लगा दिया गया। एसडीएम ने लोगों से छोटे बच्चों को अकेले में नहीं भेजने को कहा।