रानीखेत (अल्मोड़ा)। क्षेत्र में जंगल की आग थमने का नाम नहीं ले रही है। बृहस्पतिवार की सुबह यहां सैन्य डेयरी परिसर स्थित जंगल में आग भड़क उठी, लेकिन संबंधित विभाग के कर्मचारियों का वहां कोई भी अता-पता नहीं था। जंगल के पास डेयरी के पशुओं के चारे का ढेर भी थे। नजदीक ही बस्ती भी है। लोगों के प्रयासों से चारे के ढेर और बस्ती तक आग नहीं पहुंची। दूसरी तरफ क्षेत्र के दूर दराज के जंगल भी फिर से आग की चपेट में आने लगे हैं। जंगलों में बेतहाशा पिरुल गिरा हुआ है, जिसके चलते आग विकराल रूप धारण कर ले रही है। वन विभाग पिरुल के आगे लाचार नजर आ रहा है।