अल्मोड़ा। दीपावली पर मिलावट रोकने और लोगों को सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने बृहस्पतिवार को अल्मोड़ा नगर और आसपास के क्षेत्रों में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान मिठाई की दुकानों की जांच करने के साथ बाहरी राज्यों से खाद्य सामग्री लेकर आने वाले वाहनों की भी पड़ताल की गई।
अभिहित अधिकारी अनिल मिश्रा और खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार की टीम ने अभियान के दौरान सात खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। इनमें बाल मिठाई के दो और कलाकंद, रसगुल्ला, मावा, दूध व पनीर का एक-एक नमूना शामिल है। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक के पास भेजा गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मिठाइयों पर निर्माण और अवसान तिथि अंकित करना जरूरी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का पालन करने के निर्देश दिए। दुकानदारों से गुणवत्तायुक्त कच्चे माल का उपयोग करने और खाद्य पदार्थों के निर्माण, भंडारण व बिक्री के दौरान स्वच्छता बनाए रखने को कहा गया। मिष्ठान विक्रेताओं को दुकानों पर उपलब्ध मिठाइयों पर निर्माण तिथि और जहां लागू हो, अवसान तिथि स्पष्ट रूप से अंकित करने के निर्देश भी दिए गए। विभाग ने बताया कि दीपावली के दौरान मिलावट और असुरक्षित खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए निरीक्षण व नमूना संग्रहण की कार्रवाई जारी रहेगी।