शारदा पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव में रंगारंग कार्यक्रम की प्रस्तुति देती छात्राएं।
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। शारदा पब्लिक स्कूल के सीनियर सेक्शन के वार्षिकोत्सव पर उदयशंकर राष्ट्रीय नाट्य अकादमी के हॉल में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम रही। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा और विशिष्ट अतिथि जिलाधिकारी नितिन भदौरिया ने कार्यक्रमों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। सांसद प्रदीप टम्टा ने उदयशंकर नाट्य अकादमी के हॉल को वातानुकूलित करने सहित अन्य कार्यों के लिए सांसद निधि से पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
कार्यक्रमों की शुरुआत स्वागत गीत से हुई। छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत डांडिया, राजस्थानी, कुमाऊंनी, हिमाचली, आदि नृत्य काफी आकर्षक रहे। पर्यावरण और मां पर आ धारित कार्यक्रमों में खूब तालियां बजीं। मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद प्रदीप टम्टा ने शारदा पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने डीएम नितिन सिंह भदौरिया के आग्रह पर उदयशंकर राष्ट्रीय नाट्य अकादमी के हॉल को एसी और अन्य सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए पहली किश्त में पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
जिलाधिकारी भदौरिया ने शारदा पब्लिक स्कूल द्वारा राजकीय शिशु सदन के बच्चों को निशुल्क शिक्षा देने के लिए प्रधानाचार्या विनीता शेखर का आभार जताया। इससे पहले प्रधानाचार्या विनीता शेखर ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। सांसद टम्टा, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया और पालिकाध्यक्ष प्रकाश जोशी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को सम्मानित किया। संचालन अक्षत अग्निहोत्री और हर्षिता बिष्ट ने किया। विद्यालय के प्रबंधक वरिष्ठ अधिवक्ता शेखर लखचौरा ने सभी का आभार जताया। इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी छावनी बोर्ड के उपाध्यक्ष जंग बहादुर थापा, डॉ.एचडी कांडपाल, शांति बिष्ट, भुवन उप्रेती, प्रो.एसए हामिद, प्रो. दिवा भट्ट, वीपीकेएएस के पूर्व निदेशक डा.जेसी भट्ट, परितोष जोशी, सचिन टम्टा, हेम तिवारी सहित काफी संख्या में अभिभावकगण आदि मौजूद थे।