मानिला के रथखाल में अग्निकांड में जली दुकान।
- फोटो : अमर उजाला
सल्ट विकासखंड के अंतर्गत मानिला की रथखाल बाजार में दीवापली पर्व की रात्रि एक दुकान में आग भड़क उठी। आग से दुकान में रखी नकदी, राशन वितरण के रजिस्टर, टीवी आदि सहित सारा सामान जलकर राख हो गया। अग्निकांड में करीब चार लाख रुपये से अधिक का नुकसान होने का अनुमान है।
मानिला के मुख्य बाजार रथखाल में खीम सिंह बंगारी की राशन की दुकान है। वह न्यूज एजेंसी भी चलाते हैं। दिवाली के दिन सात नवंबर की शाम करीब आठ बजे वह दुकान के अंदर मंदिर में दीपक जलाकर अपनी पत्नी के साथ पड़ोसियों से मिलने चले गए थे। इस दौरान मंदिर में जल रहे दीपक की लौ से आग पकड़ गई। धीरे-धीरे आग की लपटें तेज होने पर दुकान से काफी धुआं उठने लगा। इस दौरान सड़क पर आतिशबाजी कर रहे लोगों ने दुकान से धुआं उठते देखा तो उन्होंने इसकी जानकारी खीम सिंह को दी। सूचना मिलने पर दुकान स्वामी और पड़ोसियों ने दुकान का शटर उठाया तो तब तक आग से पूरी दुकान को घेर लिया था। पड़ोसियों ने आग लगने की सूचना विद्युत विभाग को देकर विद्युत आपूर्ति बंद करवाई। लोगों ने आग में पानी और मिट्टी डालकर काबू पाने का प्रयास किया। किसी तरह दुकान को बचा लिया गया, लेकिन दुकान के भीतर सारा सामान और रखे गए राशन वितरण के रजिस्टर, नकदी अन्य सामान जल कर राख हो गया।
पड़ोस में रहने वाले इंद्र सिंह, मनमोहन बंगारी, नंदन भाकुनी, सद्दीक हुसैन, गुड्डू प्रसाद, राजेंद्र सिंह आदि ने सूझबूझ का परिचय देते हुए दुकान के पिछले दरवाजे से अंदर वाले आवासीय कमरे में लगे गैस सिलेंडर को बाहर निकाल लिया था। अन्यथा मकान को भी क्षति पहुंच सकती थी। पीड़ित खीम सिंह बंगारी ने बताया कि अग्निकांड में लाखों रुपये का नुकसान हो गया है। क्षेत्रीय लोगों ने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। इधर राजस्व उपनिरीक्ष ईशा नवाब ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि अग्निकांड में करीब चार लाख रुपये का नुकसान होने की रिपोर्ट प्रशासन को भेज दी है।