उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ ब्लॉक इकाई भिकियासैंण द्वारा आयोजित शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी और सेवानिवृत्त शिक्षकों के सम्मान समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक करन माहरा ने किया। इस मौके पर उन्होंने शिक्षा के स्तर में आ रही गिरावट पर चिंता जताते हुए गुणवत्तापरक शिक्षा पर जोर दिया। साथ ही शिक्षक भवन के विस्तार के लिए विधायक निधि से पांच लाख रुपये देने की घोषणा की।
प्राथमिक शिक्षक भवन परिसर में आयोजित शैक्षिक उन्नयन गोष्ठी को संबोधित करते हुए माहरा ने शिक्षा में आ रही गिरावट के लिए व्यवस्था को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने इसमें सुधार के लिए अभिभावकों और गुरुजनों को मिलकर सकारात्मक पहल करने पर जोर दिया। उन्होंने शिक्षकों पर ब्रिज कोर्स थोपे जाने की निंदा की और अपने स्तर से शिक्षकों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने प्राथमिक शिक्षक संघ के भवन को भव्य स्वरूप देने के लिए पांच लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने 2012 से 2017 तक के सेवानिवृत्त 60 शिक्षकों को संघ की ओर से शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इससे पहले शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने विधायक माहरा का स्वागत कर विभिन्न समस्याओं से संबंधित मांग पत्र सौंपा। इस मौके पर खंड शिक्षाधिकारी हिमांशु नौगाई, प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष किशोर जोशी, ब्लाक अध्यक्ष राजेंद्र सिंह घुघत्याल, दीपक बिष्ट, प्रकाश जोशी, दिनेश घुघत्याल, महिपाल बिष्ट, देवगिरी, गणेश ध्यानी, विनोद पांडे , पूरन मावड़ी, पीडी तिवारी,रामसिंह,बालमसिंह आदि मौजूद थे।