दुर्गड़िया के जंगल में रोपण के लिए पौधे ले जाती महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
मेरा गांव-मेरा जंगल योजना के तहत ग्राम पंचायत अर्जुनराठ, भानाराठ, मल्लाखोली के ग्रामीणों ने दुर्गड़िया के जंगल में चौड़ी पत्ती प्रजाति के पांच सौ पौधे रोपे। पौधारोपण में ग्रामीणों के अलावा वन विभाग के कार्मिकों ने भी भागीदारी की।
अमर उजाला फाउंडेशन के गगास बचाओ अभियान से प्रेरणा लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों ने जंगलों को बचाने के साथ ही जल और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया है। पहले चरण में ग्रामीण बड़सैल, दुर्गड़िया के जंगल में करीब डेढ़ हजार से अधिक चौड़ी पत्ती प्रजाति के पौधे रोप चुके हैं। ग्रामीण लगाए गए पौधों की सुरक्षा भी कर रहे हैं।
द्वितीय चरण में ग्रामीणों ने दुर्गड़िया के जंगल में पौधरोपण अभियान शुरू किया है। सड़क से करीब तीन किमी पैदल चलकर महिलाएं और अन्य ग्रामीण बांज और उतीश के पौधे लेकर निर्धारित स्थल पर पहुंचे। इसके बाद ग्रामीणों ने दुर्गड़िया के जंगल में पांच सौ पौधों का रोपण किया। दूसरे चरण में पौधे रोपने का काम ग्रामीणों ने पूरा कर लिया है। ग्रामीणों ने तय किया है कि अगले पांच साल तक पौधे रोपकर क्षेत्र के जंगल को हराभरा करेंगे। पौधों का संरक्षण करने के साथ ही जल संरक्षण के लिए खाल-खंतियों का भी निर्माण होगा। क्षेत्र के ग्रामीणों ने पौधे उपलब्ध कराने के लिए वन विभगा के डीएमओ और वन क्षेत्राधिकारी का आभार भी व्यक्त किया है।