अल्मोड़ा। सोमेश्वर स्थित साईं नदी के समीप बसे पांच गांवों को नदी के उफान से बचाने की कवायद तेज हो गई है। सिंचाई विभाग इन गांवों को नदी से सुरक्षा कार्य पर पांच करोड़ रुपये खर्च सुरक्षित करेगा। इससे नदी का जलस्तर बढ़ने पर भी ग्रामीण खुद को घरों में सुरक्षित महसूस कर सकेंगे।
साईं नदी में बारिश के दौरान नदी का जलस्तर काफी बढ़ जाता है। उफनती नदी से पल्यूड़ा, जेंचौली, भानाराठ, मल्लाखोली और अर्जुनराठ के करीब 200 मकानों को खतरा बना रहता है। ऐसे में इन गांवों की 1200 से अधिक की आबादी बारिश होते ही सहम उठती है। नदी का जल स्तर बढ़ने से भूमि कटाव और फसलों को भी नुकसान पहुंचता है। हर मानसून इन गांवों के लोगों को नदी का कहर झेलना पड़ता है। सिंचाई विभाग की ओर से इन पांच गांव में लोगों के मकान सुरक्षित रखने के लिए नदी के दोनों तरफ बाढ़ सुरक्षा दीवार का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए शासन को चार करोड़ 95 लाख रुपये का प्रस्ताव भेजा गया है।
कोट
- साईं नदी में बाढ़ सुरक्षा दीवार के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही प्राथमिकता के साथ कार्य शुरू किया जाएगा। इससे नदी के जलस्तर बढ़ने पर भी पांच गांव के लोगों के भवन सुरक्षित रहेंगे।
- मोहन सिंह रावत, अधिशासी अभियंता, सिंचाई विभाग