बागेश्वर। परिवहन विभाग की ओर से सड़क दुर्घटनाओं में लोगों की जान बचाने के लिए सड़क पर चलने वाले चालकों और आम लोगों को फर्स्ट रिस्पांडर का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं के दौरान जनहानि को कम करना है।
बृहस्पतिवार को आरटीओ अमित कुमार की अध्यक्षता में रोडवेज डिपो बिलौना में प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सड़क दुर्घटनाओं के दौरान तत्काल सहायता पहुंचाने के लिए स्कूली विद्यार्थियों, चालकों, क्लीनर और महिला समूह को जागरूक किया गया।
चिकित्सा अधिकारी डॉ. चंद्रशेखर ने दुर्घटना के दौरान प्राथमिक उपचार देने, सीपीआर देने का प्रशिक्षण दिया। फायर सर्विस की टीम ने दुर्घटना के दौरान घायलों की जान बचाने के लिए उनके रेस्क्यू के बारे में बताया। इस मौके पर प्रतिभागी विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र वितरित किए गए। टैक्सी वाहन चालकों को फर्स्ट एड बॉक्स प्रदान किए गए।