रानीखेत में गोल्फ मैदान के पास जंगल की आग बुझाते दमकल कर्मी।
- फोटो : ओखलकांडा के स्याली में नदी के ऊपर बना पुल क्षतिग्रस्त हालत पर। संवाद
रानीखेत(अल्मोड़ा)। रानीखेत के गोल्फ मैदान के पास जंगल में आग लग गई। तेज हवा होने के कारण कुछ देर बाद आग मैदान के करीब पहुंच गई तो लोगों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने किसी तरह आग पर काबू पाया। रानीखेत-अल्मोड़ा हाईवे पर गोल्फ मैदान के पास जंगल में बीते सोमवार देर रात आग लगी गई। आग मैदान के करीब पहुंचने पर छावनी परिषद के लोगों ने घटना की सूचना फायर ब्रिगेड को दी। दमकल कर्मियों ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी वंश नारायण यादव ने कहा कि सूचना के बाद टीम को मौके पर भेजकर आग बुझाई गई।
आग से चारों ओर धुआं ही धुआं
अल्मोड़ा। जिले में नगर से लेकर गांवों तक जंगलों में आग लगने से चारों तरफ धुंआ फैल गया है। इन घटनाओं में अब तक बड़े पैमाने पर जंगल जल गए हैं तो इनसे निकलने वाला धुंआ लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल रहा है। धुंए से आंखों में जलन की शिकायत भी बढ़ने लगी है साथ ही आग लगने से पशु-पक्षियों का बसेरा भी उजड़ गया है।
वन क्षेत्राधिकारी, रानीखेत तपास मिश्रा ने कहा कि वन विभाग की टीम जंगलों में आग बुझाने के लिए कड़ी मेहनत कर रही है। अराजक तत्व जंगल में आग लगा रहे हैं।
उप जिला चिकित्सालय के चिकित्सा अधीक्षक संदीप दीक्षित ने कहा कि आंखों में जलन व सांस की दिक्कत के मरीज बढ़ गए हैं। जंगलों में आग लगने से वातावरण में फैला प्रदूषित धुंआ इसका कारण है।