क्षेत्र के जंगलों में आग भयानक रूप लेती जा रही है। भतरौंजखान के पास रानीखेत रोड पर आग से जलकर क्षतिग्रस्त हुआ भारी भरकम पेड़ टाटा सूमो के ऊपर आ गिरा। जिससे टाटा सूमो में सवार लोगों की जान बाल-बाल बच गई। घटना में चार वर्षीय बालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक टाटा सूमो संख्या यूके 04, टीए 2261 भतरौंजखान से मेहरखोला की तरफ जा रही थी। इस बीच स्थित सरस्वती शिशु मंदिर से लगभग 200 मीटर आगे रानीखेत रोड पर ऊपर की ओर से आग से जला एक पेड़ टाटा सूमो के ऊपर गिर पड़ा। जिससे वाहन चालक कैलाश चंद्र तिवारी (41) निवासी पंतगाव, भुवन चंद्र मेहरा (28) निवासी मेहरखोला(रिची-बिल्लेख), पवन कुमार (04) भुवन चंद्र को गंभीर चोटें आई हैं। भुवन चंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद रानीखेत रेफर कर दिया गया है। हाटा सूमो में चालक सहित कुल पांच लोग सवार थे। जानकारी के अनुसार भुवन चंद्र मेहरा अपने परिवार के साथ पूजा के लिए दिल्ली से अपने घर मेहरखोला जा रहे थे। भतरौंजखान से उन्होंने टाटा सूमो को किराये पर लिया था लेकिन कुछ ही मीटर की दूरी पर आग के कारण विशाल पेड़ वाहन पर आ गिरा। पुलिस और स्थानीय लोगो की मदद से तुरंत वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया।