शनिवार तड़के भड़की आग से रोडवेज स्टेशन के समीप पैथोलॉजी लैब समेत सात दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। इन दुकानों में रखे सिलिंडर फटने से आग ने विकराल रूप ले लिया। आग से पैथोलॉजी लैब में कुछ दिन पहले ही लाई गई लाखों रुपये की डिजिटल एक्सरे मशीन भी जल गई है। दमकल कर्मियों ने चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग लगने की वजह अभी तक पता नहीं चली है, लेकिन लोग शार्ट सर्किट को ही वजह मान रहे हैं। अग्निकांड में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।
शनिवार तड़के चार बजे रोडवेज स्टेशन की दुकानों में अचानक आग भड़क उठी। यहां पर एक पैथोलॉजी लैब सहित चाय और जनरल स्टोर की दुकानें थीं। इस बीच दो सिलिंडर फटने से हुए धमाके की आवाज सुनकर लोग सहम गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर ने पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा। लीडिंग फायरमैन सुभाष चंद्र जोशी के नेतृत्व में कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से चार घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। रोडवेज स्टेशन काफी भीड़-भाड़ वाला क्षेत्र है। गनीमत यह रही कि अग्निकांड दोपहर के वक्त नहीं हुआ, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सीएफओ करेंगे नुकसान का आकलन
रानीखेत। नगर की एकमात्र पैथोलॉजी लैब की स्वामी जानकी भंडारी को सबसे अधिक नुकसान हुआ है। कुछ माह पहले ही वह डिजिटल एक्सरे मशीन खरीदकर लाई थीं। इसके अलावा लैब में कई महंगे उपकरण भी जल गए हैं। हालांकि नुकसान का सही आकलन करने के लिए कुछ दिन बाद अल्मोड़ा से चीफ फायर अफसर (सीएफओ) आएंगे। इसके बाद ही नुकसान की सही स्थिति का पता लग सकेगा।
इन दुकानदारों को हुआ है नुकसान
इंद्र सिंह नेगी पुत्र लछम सिंह (रेस्टोरेंट), जानकी भंडारी (पैथोलॉजी लैब), डीएन भंडारी पुत्र भोला दत्त भंडारी (एक्सरे), दलीप सिंह पुत्र गंगा सिंह (जनरल स्टोर, चाय की दुकान), कुंदन सिंह पुत्र गंगा सिंह (जनरल स्टोर, चाय की दुकान), विजय वर्मा पुत्र नवीन वर्मा (मूंगफली की दुकान), राजेश सिंह देव पुत्र फते सिंह (चाय की दुकान)।
व्यापार संघ ने उठाई मुआवजे की मांग
रानीखेत। अग्निकांड के चलते रानीखेत का आधा बाजार बंद रहा। व्यापार संघ जिलाध्यक्ष मोहन नेगी, नगर अध्यक्ष भगवंत नेगी सहित तमाम पदाधिकारियों और अन्य व्यापारियों ने प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की है।
काेट
अग्निकांड का प्रशासन की टीम ने मुआयना कर लिया है। नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हालांकि शार्ट सर्किट कारण हो सकता है।
-हिमांशु खुराना, संयुक्त मजिस्ट्रेट, रानीखेत।