नगर पालिका अब नगर में खुले में शौच करने वालों पर आर्थिक दंड लगाएगी। इसके अलावा बाजार में फैल रहे अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई भी शीघ्र शुरू होगी। नगर पालिका परिषद की बैठक में इन मुद्दों के अलावा लावारिस कुत्तों की समस्या पर भी चर्चा हुई और कुत्तों का बध्याकरण करने का फैसला लिया गया। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने पालिका के अधिकारियों को बाजार में हो रहे अतिक्रमण को तुरंत हटाने के निर्देश दिए।
पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी की अध्यक्षता में पालिका सभागार में हुई बैठक में बोर्ड सदस्यों ने अपने-अपने वार्डों में निर्माण कार्य, सफाई, बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने सहित अन्य समस्याएं उठाईं। सदस्यों ने मुख्य बाजार में दोपहिया और चौपहिया वाहनों की आवाजाही पर चिंता जताते हुए इस पर तुरंत रोक लगाने पर जोर दिया। बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत किए जा रहे कार्यों पर चर्चा करते हुए तय किया गया कि नगर क्षेत्र में खुले में शौच करने वालों पर पालिका आर्थिक दंड लगाएगी। जिसका अधिकार क्षेत्र के सफाई नायक को दिया गया। वहीं अतिक्रमण को लेकर पालिकाध्यक्ष ने बाजार से अतिक्रमण को तुरंत हटाने के निर्देश दिए।
यह भी तय हुआ कि लक्ष्मेश्वर स्थित शहीद पार्क को पालिका की अनुमति के बाद विभिन्न क्रिया कलापों के लिए शुल्क पर दिया जाएगा। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने दीपावली पर्व को देखते हुए नगर में विद्युत और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व बैठक में दशहरा और मोहर्रम को निर्विघ्न संपन्न करने पर सभासदों, जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन को धन्यवाद दिया गया। बैठक में अधिशासी अधिकारी अशोक कुमार वर्मा, सभासद अशोक पांडे, राधा नेगी, सरिता टम्टा, श्याम पांडे, कंचन भट्ट, राजेंद्र तिवारी, सचिन आर्या, घनानंद जोशी, जगमोहन बिष्ट, गौरव वर्मा, जीवन वर्मा के अलावा सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।