द्वाराहाट (अल्मोड़ा)। द्वाराहाट के बैनाली गांव में तेंदुए ने युवक पर हमला बोल दिया। इस दौरान युवक ने हार नहीं मानी और अपनी जान बचाने के लिए उससे भिड़ गया। किसी तरह तेंदुआ वहां से भागा। इस गुत्थम-गुत्थी में युवक के हाथ, पैर और छाती पर जख्म हो गए। सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद युवक छुट्टी दे दी गई है।
बैनाली ग्राम पंचायत के तोक बुढाईजर निवासी नंदन सिंह सोमवार को मवेशियों को लेकर खेतों में गया था। दोपहर 12 बजे झाड़ियों में घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर हमला बोल दिया। जान पर बन आई तो युवक हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए से भिड़ गया। इस दौरान उसने मवेशियों को हांकने के लिए रखे डंडे से तेंदुए का सामना किया। इस दौरान तेंदुए ने उसके हाथ, पैर और छाती पर वार किया लेकिन युवक डटा रहा। अंतत: हार मानकर तेंदुआ वहां से भाग गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीण युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बिंता ले गए। वहां से उसे उसे सीएचसी द्वाराहाट लाया गया, जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य पंकज बिष्ट ने बताया कि कई दिनों से तेंदुआ यहां सक्रिय है। अभी तक कई मवेशियों को अपना निवाला बना चुका है। सोमवार को युवक पर झपटने के बाद दहशत और बढ़ गई है। उन्होंने घायल युवक और मारे गए मवेशियों के पालकों को उचित मुआवजा देने और क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की है।