अल्मोड़ा। लमगड़ा के अनूली गांव में जमीन के कब्जे को लेकर दो पक्षों में मारपीट हो गई। स्थानीय व्यक्ति ने वहीं के एक अन्य व्यक्ति के घर जाकर उसके साथ मारपीट की और फरार हो गया। तहरीर मिलने पर पुलिस ने एक के खिलाफ एससीएसटी एक्ट और अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अनूली निवासी हाल निवासी हल्द्वानी अंशु जोशी के बुजुर्गों ने वहीं के जीवन राम को कुछ भूमि दी थी। इस पर सालों से उसका कब्जा था। इस बीच अंशु जोशी जमीन बेचने के लिए अन्य लोगों को लेकर गांव पहुंचा। जीवन राम ने जमीन पर कब्जा छोड़ने से मना कर दिया। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हो गया। आरोप है कि अंशु जोशी ने जीवन राम के घर पहुंचकर उसके साथ मारपीट की और फरार हो गया। पीड़ित ने मामले की तहरीर पुलिस को दी। प्रभारी थानाध्यक्ष संजय जोशी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ धारा 452, 323, 504, 506 और एससीएसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की खोजबीन शुरू कर दी है। संवाद